HomeUncategorizedऑपरेशन शंखनाद : जशपुर पुलिस ने 06 गौवंशों को कराया मुक्त, गौ...

ऑपरेशन शंखनाद : जशपुर पुलिस ने 06 गौवंशों को कराया मुक्त, गौ तस्करी के आरोप में एक गिरफ्तार

जशपुर। जशपुर पुलिस द्वारा गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी सोन क्यारी क्षेत्र से 06 नग गौवंशों को मुक्त कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 27 मई 2026 को चौकी सोन क्यारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ग्राम झरगांव छाता टांगर के जंगल मार्ग से 06 गौवंशों को मारते-पीटते हुए पैदल ले जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।

जंगल क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को 06 गौवंशों को तेजी से पैदल हांकते हुए पाया। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सूरज भगत (35 वर्ष), निवासी ग्राम बछरांव, थाना नारायणपुर, जिला जशपुर बताया।

पुलिस द्वारा गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 06 गौवंशों को बरामद कर चौकी सोन क्यारी में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उक्त गौवंश थाना सन्ना क्षेत्र के एक गांव के दो संदिग्ध व्यक्तियों के हैं, जिनके कहने पर वह गौवंशों को ले जा रहा था। पुलिस ने दोनों संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश जारी है।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी सूरज भगत को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी सोन क्यारी सहायक उप निरीक्षक वैभव कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रदीप लकड़ा, आरक्षक नरेंद्र यादव एवं विमल मिंज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस गौ तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि गौ तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular