HomeUncategorizedजशपुर : अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर टिकैतगंज में गूंजी नशा मुक्ति...

जशपुर : अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर टिकैतगंज में गूंजी नशा मुक्ति की संकल्प ध्वनि, युवाओं और बुजुर्गों ने मिलाया कदम

रविंद्र यादव जशपुर, 26 जून। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर जशपुर जिले के ग्राम टिकैतगंज में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विवेकानंद युवा क्लब और ‘मेरा युवा भारत’ (एमवाई भारत) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

विवेकानंद युवा क्लब के हेमराज सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि नशा मुक्ति की शपथ केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज की नींव है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज को जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की विशेषता युवाओं और बुजुर्गों की संयुक्त भागीदारी रही। गांव के युवा विनोद मुंडा, नमिता भगत, प्रतिमा, नीतू, साधना, सोनिया एवं कविता गणेश्वरी भगत ने वरिष्ठजनों के साथ मिलकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प दोहराया। उपस्थित लोगों ने कहा कि जब युवाओं का उत्साह और बुजुर्गों का अनुभव एक साथ आता है, तब सामाजिक परिवर्तन की राह और अधिक सशक्त होती है।

कार्यक्रम में ‘मेरा युवा भारत’ (एमवाई भारत) के स्वयंसेवक प्रयास लकड़ा की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। इस दौरान युवा विनोद मुंडा ने उपस्थित ग्रामीणों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई, जिसे सभी ने पूरी निष्ठा के साथ स्वीकार किया।

‘मेरा युवा भारत’ जशपुर के कार्यक्रम अधिकारी श्री संकेत मिथल ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर किए जा रहे ऐसे प्रयास समाज को नशे की बुराई से मुक्त करने में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े सभी स्वयंसेवकों, युवाओं और ग्रामवासियों को धन्यवाद देते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।

ग्राम टिकैतगंज में आयोजित यह कार्यक्रम न केवल गांव, बल्कि पूरे जशपुर जिले में नशामुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक प्रभावी पहल माना जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular