HomeUncategorizedबिग ब्रेकिंग : जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ‘ऑपरेशन आघात के तहत...

बिग ब्रेकिंग : जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ‘ऑपरेशन आघात के तहत ₹1.21 करोड़ के माल के साथ 3 कारें व 552 किलो गांजा जब्त, 2 तस्कर गिरफ्तार….. पढ़िये पूरी खबर

जशपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा के मार्गदर्शन और जशपुर एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के कुशल इनपुट पर पुलिस की संयुक्त टीम ने कुनकुरी और बगीचा थाना क्षेत्रों में बड़ी घेराबंदी की। इस दौरान उड़ीसा से तस्करी कर लाया जा रहा 552.16 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। साथ ही तस्करी और रेकी में इस्तेमाल की जा रही एक इनोवा, एक ब्रेजा और एक अर्टिगा कार को भी जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए गांजे और तीनों वाहनों की कुल कीमत 1 करोड़ 20 लाख 82 हजार 400 रुपये आंकी गई है। इस पूरी कार्रवाई में पुलिस ने उड़ीसा के दो तस्करों सचिन्द्र राउत और मोहम्मद सगीर को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपी पुलिस को चकमा देकर जंगलों का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।


पहली बड़ी कार्रवाई कुनकुरी थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। जय स्तंभ चौक के पास जब पुलिस ने एक संदिग्ध इनोवा कार को रोकने की कोशिश की, तो चालक वाहन को तेजी से भगा ले गया। पुलिस टीम ने लगातार पीछा किया, जिसके बाद आरोपी ग्राम बोड़ो छापर के पास गाड़ी छोड़कर जंगल में भाग निकला। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली, तो उसकी डिक्की से 311.35 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 46.70 लाख रुपये है। इसी तरह दूसरी संयुक्त कार्रवाई बगीचा और नारायणपुर क्षेत्र में की गई, जहां उड़ीसा से आ रही दो कारों को पुलिस ने ट्रैक किया। मझगांव के पास डोडकी नदी के किनारे ब्रेजा कार का चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया, जिसमें से 240.810 किलोग्राम गांजा मिला। वहीं, आगे चल रही अर्टिगा कार को पुलिस ने दबोच लिया, जिसमें सवार दो आरोपियों ने कुबूल किया कि वे मुख्य गांजा तस्करों के लिए रास्ता साफ करने यानी रेकी करने का काम कर रहे थे।


पुलिस ने दोनों ही मामलों में धारा 20 (बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जशपुर पुलिस का नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार रिकॉर्ड बना रहा है, जिसके तहत जनवरी 2026 से लेकर अब तक लगभग 4 करोड़ रुपये मूल्य का 1269 किलो से अधिक गांजा, 13.50 लाख रुपये की नशीली कफ सिरप, ब्राउन शुगर और नशीले इंजेक्शन भारी मात्रा में जब्त किए जा चुके हैं। इस अवधि में अब तक 33 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है और 14 वाहन जब्त किए गए हैं। इस शानदार सफलता में उप पुलिस अधीक्षक भावेश समरथ, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, थाना प्रभारी राकेश यादव, कोमल सिंह नेताम, गौरव पांडे और सायबर सेल सहित पूरी पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular