HomeUncategorizedRAIGARH : स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: क्षमता...

RAIGARH : स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: क्षमता से अधिक बच्चे बैठाने वाले ऑटो चालकों पर रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्री शशि मोहन सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने शहर में स्कूली ऑटो वाहनों के खिलाफ एक विशेष और सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है। पिछले कुछ दिनों से ऑटो रिक्शा में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन करने की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने पहले जागरूकता और अब सख्त प्रवर्तन की रणनीति अपनाई है।


इस अभियान की शुरुआत से पहले 18 जुलाई को डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह ने अपने कार्यालय में स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधियों और ऑटो चालक संघ के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली थी। बैठक में ऑटो चालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को वाहन में न बैठाएं, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ट्रैफिक ने यह भी साफ कर दिया कि यदि जांच के दौरान कोई भी ऑटो चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए वाहन को तुरंत जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।


पुलिस ने इस मुहिम में स्कूल प्रबंधनों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की है। बैठक के दौरान कहा गया कि यदि कोई ऑटो चालक बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करते हुए क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन करता है, तो स्कूल प्रबंधन इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दें ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें। इस बैठक के अगले ही दिन से यातायात पुलिस सड़कों पर उतर आई है। यातायात थाना प्रभारी रोहित बंजारे और उनकी टीम ने शहर के विभिन्न स्थानों पर सघन जांच शुरू कर दी है, जहाँ सुरक्षा मानकों का पालन न करने और ओवरलोडिंग करने वाले ऑटो चालकों को सख्त हिदायत देकर कार्रवाई की जा रही है।


इस पूरे अभियान पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश दिया है कि बच्चों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्कूल वाहन चालकों और शिक्षण संस्थानों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करने की हिदायत दी है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन, लापरवाही या नशे की हालत में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर रायगढ़ पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी और नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular