HomeUncategorizedआईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर सरगुजा रेंज में संदिग्धों के...

आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर सरगुजा रेंज में संदिग्धों के खिलाफ विशेष सत्यापन अभियान, किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की होगी सघन जांच, सूचना देने वालों का नाम रहेगा गोपनीय

अंबिकापुर। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) दीपक कुमार झा ने संभाग में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों को विशेष सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस अभियान के तहत किरायेदारों, बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध लोगों, मुसाफिरों, दीगर राज्यों के फरार आरोपियों और असामाजिक तत्वों का व्यापक सत्यापन किया जाएगा।


आईजी ने यह निर्देश हाल ही में सामने आए एक गंभीर मामले के बाद जारी किए हैं। सरगुजा पुलिस की जांच में पता चला कि झारखंड के धनबाद (बासेपुर) का गैंगस्टर साबीर आलम, जिसे वर्ष 2001 के चर्चित दोहरे हत्याकांड में आरोपी बनाया गया था और जिसे झारखंड हाईकोर्ट ने भगोड़ा घोषित किया था, वर्ष 2013 से अंबिकापुर के मोमिनपुरा क्षेत्र में बस कंपनी और सिलाई दुकान की आड़ में अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। इस मामले में उसे स्थानीय स्तर पर शरण मिलने की बात भी सामने आई है।


आईजी दीपक कुमार झा ने सभी पुलिस अधीक्षकों को निर्देशित किया है कि जिला स्तर पर नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर हर संदिग्ध व्यक्ति का सत्यापन कराया जाए। शहरी क्षेत्रों को बीट और वार्ड के आधार पर विभाजित कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।


अभियान के दौरान किरायेदारों, होटल-ढाबों, ईंट भट्ठों, उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों, घुमंतू लोगों, फेरीवालों और मुसाफिरों की पहचान एवं दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। मकान मालिकों से किरायेदारों की पूरी जानकारी ली जाएगी और जानकारी देने से इंकार या सहयोग नहीं करने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची के अपराधियों और जिला बदर व्यक्तियों की भी नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं।


पुलिस ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है। यदि किसी वार्ड, मोहल्ले या गांव में कोई संदिग्ध अथवा अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति रह रहा हो, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular