HomeUncategorizedऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, गौ-तस्करी का फरार वाहन मालिक...

ऑपरेशन शंखनाद: जशपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी, गौ-तस्करी का फरार वाहन मालिक इम्तियाज गिरफ्तार, भेजा गया जेल

जशपुर पुलिस द्वारा गौवंश तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन शंखनाद” के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जिले भर में गौ-तस्करों, वाहन स्वामियों और उनके सहयोगियों के खिलाफ सतत अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना लोदाम क्षेत्र में गौवंश तस्करी के एक पुराने मामले में घटना के बाद से ही फरार चल रहे बोलेरो पिकअप वाहन के मालिक मो. इम्तियाज (उम्र 40 वर्ष) को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया है, जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


​इस मामले की शुरुआत बीते 14 अप्रैल 2026 को हुई थी, जब लोदाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भलमंडा स्थित नेशनल हाईवे से एक बोलेरो पिकअप वाहन (क्रमांक JH-01-FP-3193) में क्रूरतापूर्वक गौवंशों को तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की, लेकिन तस्कर मौके से भागने में सफल रहे, जबकि वाहन से 09 नग गौवंशों को सकुशल मुक्त कराया गया था। जांच के दौरान जब्त गाड़ी के आधार पर उसके मालिक मो. इम्तियाज की पहचान हुई, जो गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। आखिरकार 10 जुलाई 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने उसे जशपुर क्षेत्र से धर दबोचा और आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध भी स्वीकार कर लिया है।


​जशपुर पुलिस इस प्रकार के अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है और इस अभियान के तहत बड़ी सफलताएं हासिल कर रही है। जनवरी 2026 से लेकर अब तक पुलिस ने 71 प्रकरण दर्ज कर 852 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है, जबकि 66 आरोपियों को गिरफ्तार कर 26 वाहन जब्त किए जा चुके हैं। केवल जुलाई महीने के शुरुआती 10 दिनों के भीतर ही पुलिस ने अलग-अलग चार मामलों में बड़ी कार्रवाई की है।

इसमें 1 जुलाई को बागबहार में गौवंश वध के 4 आरोपी जेल भेजे गए, 3 जुलाई को दोकड़ा में 10 मवेशियों के साथ 3 तस्कर पकड़े गए, 4 जुलाई को मनोरा के डहुकोना जंगल से 26 गौवंशों के साथ 2 आरोपी दबोचे गए और 8 जुलाई को मनोरा के ही डडगांव में 21 गौवंश मुक्त कराए गए, जहां फरार आरोपियों की तलाश अब भी जारी है। मामले पर डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि गौ-तस्करी के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी, वाहन मालिक या संगठित गिरोह को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular