HomeUncategorizedRAIGARH ; रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म का...

RAIGARH ; रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, भेजा गया जेल

रायगढ़, 14 जुलाई 2026
रायगढ़ पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश करते हुए एक नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे “अभियान संवेदना” के तहत महिला थाना और सिटी कोतवाली पुलिस ने इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।


घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दरोगा पारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में एक व्यक्ति द्वारा नाबालिग बालिका के साथ आपत्तिजनक कृत्य किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए तत्काल मौके पर दबिश दी और संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर थाने आई। इसके बाद 11 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने महिला थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दरोगा पारा बुढ़मई मंदिर के पास रहने वाले 38 वर्षीय लफ्फू उर्फ विजय सारथी (पिता स्व. विनोद सारथी) ने उनकी नाबालिग बेटी को अपनी हवस का शिकार बनाया है।


पीड़िता की मां की लिखित शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी लफ्फू उर्फ विजय सारथी के खिलाफ अपराध क्रमांक 65/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65 (1) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 4 के तहत मामला दर्ज कर उसे कल गिरफ्तार कर लिया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अब प्रकरण के सभी पहलुओं पर पूरी संवेदनशीलता के साथ आगे की विवेचना कर रही है।


इस पूरी त्वरित कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता और उनके हमराह स्टाफ की सराहनीय व अहम भूमिका रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कड़ा संदेश जारी करते हुए कहा है कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा रायगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे जघन्य अपराधों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ पुलिस बेहद सख्त रुख अपनाएगी और त्वरित कार्रवाई कर उन्हें शीघ्र ही कानून के दायरे में लाकर कठोरतम सजा सुनिश्चित कराई जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular