HomeUncategorizedRAIGARH : वायरल वीडियो से बेनकाब हुई गुंडागर्दी: युवती से सरेराह मारपीट...

RAIGARH : वायरल वीडियो से बेनकाब हुई गुंडागर्दी: युवती से सरेराह मारपीट करने वाली नूरी खान गिरफ्तार, दो नाबालिगों पर भी कार्रवाई

रायगढ़, 14 जुलाई 2026
सोशल मीडिया पर एक युवती के साथ सरेराह मारपीट का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद रायगढ़ पुलिस ने त्वरित और कड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री शशि मोहन सिंह ने इस वायरल वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। एसएसपी के आदेश पर मुस्तैद हुई कोतवाली पुलिस ने कुछ ही घंटों के भीतर वायरल वीडियो की जांच कर मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया, जबकि घटना में शामिल दो अन्य नाबालिग बालिकाओं के विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।


घटना के संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार, कोतवाली पुलिस ने जब वायरल वीडियो का सूक्ष्म परीक्षण किया तो पता चला कि यह मारपीट मेरीन ड्राइव रोड पर हुई थी। स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद वीडियो में मारपीट करती दिख रही महिला की पहचान नगमा खान उर्फ नूरी के रूप में की गई। आज तड़के पुलिस टीम ने उसके निवास पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने मारपीट में शामिल दो अन्य लड़कियों के बारे में भी जानकारी दी, जो जांच में नाबालिग पाई गईं। इसके बाद पुलिस ने दोनों बाल अपचारियों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की।


इसी बीच आज 19 वर्षीय पीड़िता ने भी थाना कोतवाली पहुंचकर घटना की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि वह रायगढ़ में किराये के मकान में रहकर सोनारपारा स्थित एक ज्वेलरी गोदाम में काम करती है। बीते 30 जून 2026 की शाम वह अपनी सहेली के साथ मोटरसाइकिल से थोक बाजार से सामान छोड़कर वापस लौट रही थी। तभी मेरीन ड्राइव रोड स्थित पुष्पवाटिका गार्डन के पास दो युवतियों ने अपनी मोटरसाइकिल आगे अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया। वे दोनों युवतियां वहां सेल्फी ले रही थीं और जब पीड़िता अपनी सहेली के साथ वहां से हंसते हुए गुजरी, तो आरोपियों को लगा कि वे उन्हें देखकर हंस रही हैं। इसी गलतफहमी में उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने फोन करके अपने रिश्तेदारों को भी बुला लिया, जिसमें नगमा खान उर्फ नूरी शामिल थी। इसके बाद सभी ने मिलकर पीड़िता के साथ लात-घूंसों से जमकर मारपीट की, जिसे देखकर राहगीरों और पीड़िता की सहेली ने बीच-बचाव किया।


पीड़िता की इस रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 375/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 296, 115(2), 126(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर मुख्य आरोपी महिला नगमा खान उर्फ नूरी (पति खबीब खान, उम्र 38 वर्ष, निवासी चांदनी चौक, फौजदारपारा, रायगढ़) को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरी कार्रवाई में सोशल मीडिया का वीडियो एक महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुआ। नगर कोतवाल सुखनंदन पटेल और उनकी टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपियों को दबोच लिया। रायगढ़ पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी करने और कानून व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


इस पूरे मामले पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि रायगढ़ जिले में कानून हाथ में लेने, सरेआम गुंडागर्दी करने अथवा किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि लोग सोशल मीडिया की ताकत को हल्के में न लें, ऐसे वीडियो सामने आते ही पुलिस तुरंत सख्त एक्शन लेगी। कोई भी व्यक्ति कानून अपने हाथ में न ले और किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दे।

RELATED ARTICLES

Most Popular